चंडीगढ़ की सुखना लेक पर एयर शो:लोगों की उमड़ी भीड़, जवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
चंडीगढ़। एयरफोर्स के जवानों ने आज अपने 80 से ज्यादा फाइटर और कुछ ट्रांसपोर्ट प्लेन से कई शानदार करतब दिखाए। मिराज, सुखोई, मिग-21 और मिग-29, चिनुक, राफेल जैसे प्लेन आज सुखना लेक के ऊपर से उड़े। हजारों शहरवासियों और अन्य राज्यों से आए लोगों ने सुखना लेक के ऊपर हुए इस शो को देखा और रोमांचित हुए। एयरफोर्स के जवानों ने तेज गति के बावजूद प्लेन पर संतुलन बनाए रखते हुए बेहतरीन प्रस्तुति दी। इस दौरान राष्ट्रीय झंडे को भी लहराया गया। इसे देख दर्शकों में देशभक्ति की भावना भी दिखी।हजारों की संख्या में लोग इस एयर शो को देखने के लिए पहुंचे हुए थे।
वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध यहां पर किए गए थे। इन हजारों लोगों को CTU बसों की सहायता से यहां लाया गया था। शाम को 5 बजे तक यह शो चला। अब 8 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की मौजूदगी पर सुखना लेक पर फाइनल शो होगा। हालांकि आज की रिहर्सल में भी पूरा रोमांच दिखा। CTU की बसें चंडीगढ़ समेत पंचकूला, मोहाली और अन्य जगहों से आने वाले दर्शकों को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दे रही है।इससे पहले लोगों को शो से पहले ही तय समय पर सुबह 11 से 2 बजे के बीच लेक पर पहुंचने के लिए कहा गया था। वहीं उन्हें बसों में सफर के लिए अपनी फोटो ID भी साथ लाने को कहा गया था।
शो के दौरान लोग खाने की वस्तु नहीं ले जा पाए। एयरफोर्स ने पहले ही इसे लेकर हिदायतें जारी कर दी थी। शो में आने वाले दर्शकों को सिर्फ पारदर्शी पानी की बोतल ही लाने की अनुमति दी गई है। लोगों के बैठने के लिए लेक पर ज़ोन व्यवस्था की गई है। हर पास पर बैठने के लिए ज़ोन बताई गई है।इन चीजों पर है पाबंदीशो देखने के लिए आने वाले दर्शकों को बैग, माचिस की डिब्बी, चाकू, सिगरेट, हथियार, शराब, खाने की चीजें, बोतल, ज्वलनशील चीजें, बैनर, पोस्टर, लकड़ी या लोहे की छड़ी आदि लाने की मनाही है। 8 अक्तूबर को भी यह मनाही रहेगी। इन चीजों को लाने पर इसे सिक्योरिटी चेकिंग के दौरान जब्त कर लिया जाएगा। वहीं किसी भी तरह का हुड़दंग करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।