जनसंख्या वृद्धि के दुष्प्रभावों को लेकर किया जागरूक
देहरादून। जिम्प पायनियर स्कूल के एनसीसी कैडेटों ने पितांबरपुर ग्राम में स्थानीय निवासियों को जनसंख्या वृद्धि के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक किया। इस दौरान कैडेटों ने ‘नुक्कड़ नाटक’ की मन मोहक प्रस्तुति देकर देश की बढ़ती जनसंख्या पर रोक लगाने का संदेश भी दिया।
गुरुवार को स्कूल के कैडेटों द्वारा चलाए गए जागरुकता अभियान के तहत कैडेटों ने ग्रामवासियों को जनसंख्या वृद्धि के विभिन्न कारणों की जानकारी दी। कैडेटों ने ग्रामवासियों को जल्दी शादी होना और सार्वभौमिक विवाह प्रणाली को लेकर विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा कैडेटों ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि का सबसे बढ़ा कारण निरक्षरता है। पुराने सांस्कृतिक आदर्श भी इसके पीछे कहीं न कहीं कारण माना जा सकता है। इसके अलावा देश में अवैध प्रवासी बढ़ने से भी जनसंख्या में बढ़ौत्तरी हो रही है। स्कूल के प्रिंसिपल जगदीश पांडे ने कहा कि कैडेटों का मकसद ग्रामवासियों के बीच जनसंख्या के कारणों की जानकारी देना था। ताकि वे इसके प्रभाव व दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक हो सकें।
उन्होंने बताया कि जनसंख्या बढ़ने के कारण देश पर इसका बुरा प्रभाव पढ़ता है। जनसंख्या बढ़ने से जहां बेरोजगारी को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, बुनियादी ढांचे पर भी प्रभाव पड़ेगा। इसके अलावा संसाधनों का उपयोग बढ़ने से इनमें कमी आएगी। घटता उत्पादन और बढ़ती लागत और अनुचित आय वितरण जैसे कई पहलुओं पर इसका प्रभाव पड़ेगा। कहा कि हमें मानव आबादी को नियंत्रित करने के साथ ही हमारे ग्रह को बर्बाद कर रही प्रथाओं को नियंत्रित करने के महत्व को स्वीकार करना चाहिए। इस मौके पर काफी संख्या में एनसीसी कैडेटों के साथ ही शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।