दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड, दो दिन राहत के आसार नहीं

नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर समेता समूचा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। राजधानी दिल्ली के लोग सोमवार को धूप के दर्शन को तरस गए। मंगलवार सुबह भी राजधानी में बादल छाए रहे।दिल्ली-एनसीआर शीतलहर की गिरफ्त में है। इस वजह से कामकाजी लोगों और स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली  का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 85 फीसदी रही। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट के संकेत हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 से 7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। 20 दिसम्बर और 21 दिसम्बर को दिल्ली में हल्की बरसात होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ गया है। इस वजह से उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दस्तक देंगी। इस समय दिल्ली-एनसीआर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में घना कोहरा पड़ रहा है। उधर, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस 12.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.