संजीव कौशल बने हरियाणा के नए मुख्य सचिव
चंडीगढ़ – हरियाणा सरकार ने सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव कौशल को हरियाणा का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। आज आईएएस अधिकारी विजय वर्धन मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं। हरियाणा सरकार द्वारा जारी आदेशानुसार मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल को सामान्य प्रशासन, कार्मिक, प्रशिक्षण, संसदीय कार्य, सतर्कता, प्रशासनिक सुधार विभाग और प्रभारी योजना समन्वय के सचिव की जिम्मेवारी सौंपी गई है। इनके अलावा,श्री पी.के दास को वित्तायुक्त तथा राजस्व और आपदा प्रबंधन व चकबंदी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
जीवन परिचय – हरियाणा के नए मुख्य सचिव संजीव कौशल को किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जाना जाता है। उन्होंने किसी जिला के उपायुक्त से लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व वित्तायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी कार्यशैली की अमिट छाप छोड़ी है। हंसमुख व मृदु स्वभाव के अधिकारी श्री कौशल की अपने कनिष्ठ व वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एक टीम के रूप में काम करने की कला से सभी उनके कायल हैं। संजीव कौशल का सेवाकाल के दौरान व्यापक व्यावसायिक अनुभव रहा है। उन्होंने भारत सरकार (संयुक्त सचिव के रूप में) के अलावा दो राज्य सरकारों, दो बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्त्रमों (प्रबंध निदेशक के रूप में), हरियाणा के सबसे बड़े नगर निगम फरीदाबाद (महापौर और आयुक्त की जिम्मेदारियों के साथ फरीदाबाद परिसर के मुख्य प्रशासक के रूप में) में काम करने का अनुभव रहा है।