हिसार : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस द्वारा भाजपा हिसार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में कथित गुटबाजी, अनुशासनहीनता और मंडल अध्यक्षों के इस्तीफों से संबंधित खबरें पूरी तरह निराधार, भ्रामक और वास्तविकता से परे हैं। उन्होंने कहा कि हिसार में भाजपा का संगठन पूरी तरह एकजुट, अनुशासित और मजबूत है तथा पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है।
भव्य बिश्नोई ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के जिला नेतृत्व की ओर से पिछले कई सप्ताह से भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें भ्रमित करने तथा संगठन को लेकर गलत धारणा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस को अपने इन प्रयासों में सफलता नहीं मिली तो अब झूठी अफवाहों और भ्रामक खबरों के माध्यम से भाजपा में कथित मतभेद का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन महीनों से कांग्रेस की ओर से इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हर बार ऐसी अफवाहों को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा हिसार में न तो कोई गुटबाजी है और न ही संगठन के भीतर किसी प्रकार की अनुशासनहीनता या ऐसा विवाद है, जैसा कि कांग्रेस द्वारा प्रचारित किया जा रहा है। भव्य बिश्नोई ने कहा कि भाजपा का संगठन केवल राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर नहीं, बल्कि करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के आधार पर खड़ा है।
हिसार में भी मंडल स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन पूरी मजबूती के साथ अपने कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता, मजबूत संगठनात्मक ढांचे और जनहित से जुड़ी नीतियों से विपक्ष परेशान है। इसी कारण विपक्ष के पास सकारात्मक मुद्दों के बजाय अफवाह, भ्रम और दुष्प्रचार का सहारा लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसे किसी भी दुष्प्रचार से न तो विचलित होंगे और न ही उनका मनोबल कमजोर होगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा के संगठन की चिंता करने के बजाय पहले अपने संगठन और नेतृत्व की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक दल में समय-समय पर नेतृत्व और संगठन को लेकर सार्वजनिक विवाद सामने आते रहे हैं, उसे भाजपा जैसे अनुशासित और कैडर आधारित संगठन पर सवाल उठाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता भी कांग्रेस की इस प्रकार की राजनीति को समझ चुकी है।
हिसार में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी का संगठन जनसेवा के संकल्प के साथ पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में उसके पास कोई तथ्य या प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रमाण के भाजपा की छवि खराब करने का प्रयास राजनीतिक रूप से भी उचित नहीं है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की कि वे सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठनात्मक गतिविधि अथवा पार्टी से संबंधित जानकारी के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत माध्यमों से जारी सूचना को ही प्रमाणिक माना जाना चाहिए।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि हिसार में भाजपा का संगठन पूरी तरह एकजुट और सक्रिय है तथा प्रत्येक मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, नेतृत्व और संगठन के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी हिसार में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी तथा विपक्ष के प्रत्येक भ्रामक प्रचार का जवाब तथ्यों, संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा के माध्यम से दिया जाएगा।