मुंबई : हिंदी सिनेमा में सायरा बानो और हेमा मालिनी की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों ने अपने-अपने दौर में फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई और पर्दे के बाहर भी एक-दूसरे के साथ कई खूबसूरत यादें साझा कीं। इस कड़ी में अब हेमा के जन्मदिन पर सायरा ने सोशल मीडिया पर उनके साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए पुरानी यादों को ताजा किया है।
सायरा बानो ने कई तस्वीरें शेयर की, जिसमें वह हेमा मालिनी के साथ नजर आ रही है। पहली फोटो के कैप्शन में उन्होंने हेमा मालिनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ''जब मैं आपके लिए यह बर्थडे नोट लिखने बैठी हूं, तो मेरा दिल उन खूबसूरत सालों की यादों से भर गया है, जो हमने साथ बिताए हैं। इस साल मैं धर्म जी के बारे में भी सोच रही हूं, जो आपकी जिंदगी के कई खूबसूरत पलों का एक अहम हिस्सा रहे हैं। मैं जानती हूं कि इस बार जन्मदिन का एहसास कुछ अलग होगा, लेकिन जिंदगी भर का प्यार और यादें हमेशा हमारे साथ रहने का खूबसूरत तरीका ढूंढ ही लेती हैं।''
सायरा द्वारा पोस्ट की गई दूसरी फोटो में वह रेखा और हेमा के साथ नजर आ रही है। इस फोटो के जरिए उन्होंने दोस्ती के पुराने दिन भी याद किए और बताया कि तीनों के बीच हमेशा एक खास रिश्ता रहा है। सायरा ने कहा कि उम्र के लिहाज से वह उन दोनों से बड़ी हैं।
सायरा ने लिखा, ''हम तीनों, हेमा, रेखा और मैंने हमेशा एक खास रिश्ता साझा किया है। बेशक, उम्र के लिहाज से मैं हम तीनों में सबसे बड़ी हूं! हेमा ने 1968 में 'सपनों का सौदागर' से हिंदी फिल्मों में कदम रखा और इसके बाद 1970 में रेखा ने 'सावन भादों' से शुरुआत की। 70 के दशक में हम अक्सर फिल्मी समारोहों, प्रीमियर और दूसरे कार्यक्रमों में मिलते थे। वहां हम अपनी बातें, हंसी-मजाक और अपनी कई साझा दिलचस्पियों को एक-दूसरे के साथ बांटते थे।''
उन्होंने एक मजेदार किस्सा याद करते हुए लिखा, ''हमारी दिलचस्पी एक्सरसाइज में भी काफी थी। हम तीनों फिटनेस और योग को लेकर काफी सक्रिय थीं। शायद हम अपने दौर की उन शुरुआती अभिनेत्रियों में थीं, जिन्होंने इसे इतनी गंभीरता से लिया। मुझे याद है कि एक बार हेमा और मैंने कंधों को चौड़ा करने वाली एक्सरसाइज मशीन आजमाई थी। हम इतने उत्साहित थे कि सचमुच हमारे कंधे फूल गए। एक-दूसरे को देखते ही हम जोर-जोर से हंसने लगीं और हमें एहसास हुआ कि हमने कुछ ज्यादा ही कर दिया था।''
सायरा ने अपने तीसरे नोट में हेमा के चुलबुले स्वभाव से जुड़ा एक और मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, ''हेमा दोस्तों के बीच हमेशा बहुत जिंदादिल रही हैं। मुझे याद है कि एक बार वह मेरे घर आई थीं। उनके साथ आए एक अंकल को कांच का बड़ा दरवाजा दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उससे टकरा गए। इससे पूरा दरवाजा टूटकर नीचे गिर गया। हम सभी घबरा गए थे, लेकिन हेमा इतनी जोर से हंसने लगीं कि जल्द ही हम सब भी उनके साथ हंसने लगे।''
उन्होंने आगे लिखा, ''एक और याद मेरे दिल के बेहद करीब है। यह रामानंद सागर जी की एक फिल्म के मुहूर्त शॉट की बात है, जहां हेमा, धर्म जी, शशि कपूर और मैं साथ थे। हेमा हमेशा की तरह अपनी शरारतों से शशि को छेड़ रही थीं। कैमरा तैयार था, लेकिन हमारी हंसी रुक ही नहीं रही थी। हेमा ऐसी ही हैं, जिंदगी से भरपूर, हंसमुख और अपने अंदाज में सबको खुश कर देने वाली! एक शानदार कलाकार, खूबसूरत डांसर और लाखों लोगों की चहेती ड्रीम गर्ल के पीछे मैंने हमेशा एक ऐसी महिला को देखा है, जो गर्मजोशी से भरी, स्नेही और बेहद चंचल स्वभाव की हैं।''
अपने आखिरी नोट में सायरा बानो ने हेमा मालिनी के लिए प्यार और दुआएं भेजीं। उन्होंने धर्मेंद्र के साथ हेमा की यादों का जिक्र करते हुए लिखा, ''मेरी प्यारी हेमा, इस बार आपका जन्मदिन थोड़ा अलग महसूस हो सकता है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि आप अपने आसपास मौजूद लोगों के प्यार और धर्म जी के साथ बनाई गई अनगिनत खूबसूरत यादों से सुकून मिलेगा। कुछ रिश्ते इतने अनमोल होते हैं कि वक्त और दूरी भी उन्हें कम नहीं कर सकते।''
उन्होंने आगे लिखा, ''हमारे सिनेमा के सुनहरे दिनों से लेकर कैमरे से दूर बिताए छोटे-छोटे पलों तक, हमारी दोस्ती ने मुझे ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। आपके जन्मदिन पर मैं अपना पूरा प्यार भेज रही हूं और आपकी अच्छी सेहत, खुशियों और सुकून के लिए दुआ करती हूं। खुश रहो, मेरी प्यारी हेमा। आप हमेशा हमारी ड्रीम गर्ल रहोगी, सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि उन लोगों के दिलों में भी, जिन्हें तुम्हें करीब से जानने का मौका मिला है।''