साहिबजादा अजीत सिंह नगर(हिंद जनपथ ब्यूरो) : मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित जूनियर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर बीती देर रात पंजाब लौटे जगशेर सिंह खंगूड़ा का शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में जगशेर सिंह के माता-पिता, रिश्तेदार, शुभचिंतक, बैडमिंटन खिलाड़ी, कोच और एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और स्वयं बैडमिंटन खिलाड़ी रहे मीत हेयर ने जगशेर सिंह खंगूड़ा का स्वागत करते हुए कहा कि वह पंजाब के पहले और देश के नौवें बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने विश्व जूनियर चैंपियनशिप में पदक जीता है। मिस्र में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय बैडमिंटन टीम की ओर से यह एकमात्र पदक रहा। उन्होंने कहा कि जगशेर कम उम्र से ही शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं और मात्र 17 वर्ष की आयु में अंडर-19 प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मीत हेयर ने कहा कि पंजाब अब बैडमिंटन खेल के केंद्र के रूप में उभर रहा है। ध्रुव कपिला, तन्वी शर्मा और अब जगशेर सिंह खंगूड़ा पंजाब में बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में खेलों के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पंजाब अब तक हॉकी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तीरंदाजी और क्रिकेट के लिए जाना जाता रहा है, जबकि बैडमिंटन भी अब इस सूची में शामिल हो गया है।
जगशेर सिंह खंगूड़ा ने अपने स्वागत पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बार मिस्र में कांस्य पदक जीता है और अगली बार वह पदक का रंग बदलने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
इस अवसर पर पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने मीत हेयर का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से बैडमिंटन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
इस मौके पर जगशेर सिंह के पिता मनप्रीत सिंह, माता रछपाल कौर, बहन डॉ. सहज नूर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।