उप मुख्यमंत्री ने 155 करोड़ की परियोजनाओं का किया लाेकार्पण व शिलान्यास

-कहा, मोदी को रोकने वाले 50 सालों के लिए हो गये हैं विदा

चित्रकूट। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को धारकुंडी आश्रम पहुंचकर महंत परमहंस महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यालय में 155 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार न बनने देने की कोशिश करने वाले निराश हैं। ऐसे लोग सत्ता में पांच साल के लिए नहीं 50 सालों के लिए विदा हो गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि अब बुंदेलखंड में कमल के सिवाय कुछ नहीं खिलेगा। भारत को विश्व का नंबर वन राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना तभी साकार होगा, जब उत्तर प्रदेश भारत का अग्रणी राज्य बनेगा। डाक बंगले में 155 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में एक तरफ जातिवादी शक्तियां थी, गुंडागर्दी अपराध करने वाले तत्व थे। दूसरी तरफ राष्ट्रवादी और विकासवादी शक्तियां थी जो नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से लगी हुई थी। 

उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में योगी की सरकार बनी है, तबसे प्रदेश में सुशासन आया है। कानून व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता की सेवा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पानी की किल्लत से जूझने वाले बुंदेलखंड के सभी जिलों के घरों में पाइप लाइन के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कर पेयजल की समस्या का समाधान किया जायेगा। प्रदेश की योगी सरकार ने उक्त परियोजना को स्वीकृति दे दी है। प्रधानमंत्री द्वारा जल संचयन के लिए देश व्यापी अभियान चलाया जा रहा है। 
इस मौके पर सदर विधायक चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद रमेश चंद्र द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता चंद्र प्रकाश खरे, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के सदस्य लवकुश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.