राजस्थान में कांग्रेस ने किया किसानों के साथ बड़ा धोखा : औमप्रकाश धनखड़

— राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनने पर 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने का किया था वादा, अब तक अधूरा

— हनुमानगढ़ जिले की भादरा विधानसभा की जन आक्रोश महासभा में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने बोला कांग्रेस पर बड़ा हमला

चंडीगढ़। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने मंगलवार को राजस्थान में जनभावनाओं के अनुरूप भाजपा की ओर से निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा के तहत हनुमानगढ़ जिले में स्थित भादरा विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। धनखड़ ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनते ही दस दिनों में किसानों का पूरा कर्ज माफ करने का वादा किया था। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बने हुए चार साल बीत गए, अब तक किसी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ, बल्कि उलटे किसानों की जमीन को नीलाम किया जा रहा है। किसान अपनी जमीन को नीलामी से बचाने के लिए दर-दर गुहार लगा रहे हैं।
धनखड़ ने कहा कि राजस्थान के हर वर्ग में कांग्रेस की गहलोत सरकार के प्रति जबरदस्त आक्रोश का माहौल है। शिक्षित युवाओं को रोजगार नहीं है। गहलोत सरकार में जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं उनमें पेपर लीक आम बात हो गई है। युवा वर्ग में जबरदस्त आक्रोश है। प्रदेश में महिलाओं और एससी एसटी वर्ग के नागरिकों के साथ उत्पीड़न हो रहा है। कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। प्रदेश की जनता त्रस्त है। मंत्री लोगों के काम करने की बजाए आपस में लड़ रहे हैं, और मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी अपनों से ही बचाने में लगे हुए हैं। धनखड़ ने कहा कि राजस्थान मेंं सरकार कहीं पर नजर ही नहीं आ रही है।
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनसेवा को सर्वोपरि मानती है। राजस्थान में गहलोत सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है और बदलाव निश्चित है। उन्होंने कहा कि मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने समाज के हर वर्ग को देश -प्रदेश व समाज की प्रगति में बराबर का भागीदार बनाया है। भाजपा शासित प्रदेशों में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही हैंं। उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में गहलोत सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों मेंं भारी नाराजगी है। गौर तलब है कि भाजपा पूरे राजस्थान की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है। भादरा विधानसभा की आक्रोश यात्रा में पहुंचने पर पूर्व विधायक संजीव बेनीवाल, संभाग प्रभारी माधोराम जी चौधरी, हरियाणा किसान मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुखविंद्र माढ़ी,बलबीर बिश्नोई, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, पूर्व विधायक जगदीश डूडी ने हरियाणा भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ का जोरदार अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.