उ.प्र उपचुनाव : पुराने नेताओं को टिकट देने की तैयारी में भाजपा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान खाली हुई सीटों पर उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी शुरू कर दी हैं। कुल 11 सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें से 08 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा। इस बार सभी सीटों पर भगवा कमल खिलाने के भाजपा संगठन की ओर से ताबड़तोड़ बैठक कर संगठनात्मक ढांचा को मजबूती दी जा रही है। 
माना जा रहा है कि उपचुनाव में जीत पक्की करने के लिए कार्यकर्ताओं से लिए गए फीडबैक के बाद पार्टी अपने पुराने नेताओं पर दांव लगा सकती है।   

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और पार्टी नहीं चाहती कि उसको लोकसभा चुनाव में मिली जीत की खुशी उपचुनाव में किसी प्रकार से कम हो जाए। उपचुनाव के लिए पार्टी के प्रदेश संगठन नेतृत्व के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जुट गए हैं। योगी सरकार में विभिन्न मंत्रियों को एक एक सीट की कमान सौंपी गई है, इसके साथ में एक एक वरिष्ठ नेताओं को भी लगाया गया है। 

उपचुनाव जीतने के लिए पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ महेन्द्र नाथ पाण्डेय बूथ स्तर पर लगे कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया, जिसमें महानगर, जिला इकाई के अध्यक्षों की ओर से किसी बाहरी या नए चेहरे को टिकट ना देने के लिए कहा गया है। साथ ही पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले पुराने नेताओं को टिकट देने से चुनाव में कार्यकर्ताओं में जोश उमंग बने रहने की बात कही गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.