कर्नाटक संकट पर येदियुरप्पा बोले, विधायकों के इस्तीफे में भाजपा का हाथ नहीं

बेंगलुरु। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस और जेडीएस विधायकों के इस्तीफे के पीछे भाजपा का हाथ नहीं है।
उन्होंने शनिवार को कहा कि इस्तीफों या गठबंधन सरकार पर आये संकट में उनकी पार्टी का कोई हाथ नहीं है। पार्टी स्थिति पर नजर रखे हुए है और सही समय पर उचित कदम उठाया जायेगा। अब स्पीकर क्या करते हैं, यह पार्टी देखेगी। हमारा राजभवन जाने का कोई इरादा नहीं है।
शनिवार को सत्ताधारी दलों के करीब एक दर्जन विधायकों के इस्तीफे के बाद 13 महीने पुरानी राज्य की गठबंधन सरकार संकट में है। इस सप्ताह की शुरुआत में कांग्रेस विधायक आनंद सिंह और रमेश जारकीहोली इस्तीफा दे चुके हैं। उधर, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा से जब पूछा गया कि क्या अब कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनेगी तो उनका कहना था कि राज्यपाल को अधिकार है और संवैधानिक जनादेश के अनुसार यदि वह हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं तो निश्चित रूप से हम सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। कर्नाटक में नई सरकार बनने पर बीएस येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। हम सदन में सबसे बड़ी पार्टी हैं और हमारे पास 105 विधायक हैं।  

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता सिद्धारमैया ने कहा कि पार्टी इस्तीफा देने वाले असंतुष्ट विधायकों के साथ संपर्क स्थापित करने के प्रयास कर रही है। उधर, ताजा जानकारी के अनुसार असंतुष्टों के साथ वार्ता विफल रही है। डीके शिवकुमार विधायकों को इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाने में विफल रहे हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.