कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने हाईकमान को भेजा इस्तीफा
लखनऊ। आम चुुनाव में कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश में करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने हाईकमान को अपना इस्तीफा भेज दिया है। राज बब्बर खुद भी फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा के राजकुमार चाहर से चुनाव हार गए।
शुक्रवार को कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसके लिए वह खुद को जिम्मेदार मानते हुए अपना इस्तीफा हाईकमान को भेजा है। आगे का निर्णय कांग्रेस हाईकमान लेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक है। मैं अपनी ज़िम्मेदारी को सफ़ल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए ख़ुद को दोषी पाता हूं। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा। इस दौरान उन्होंने जनता का विश्वास हासिल करने वाले विजेताओं को बधाई भी दी।