कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में भाजपा ने किया रेल अवरोध

चकदह। रेलेवे के सियालदह राणाघाट शाखा के चकदह और शिमुराली रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह रेल अवरोध कर दिया। जिसके कारण सियालदह राणाघाट शाखा पर लंबे समय तक अप और डाउन लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन ठप्प हो गया। इस दौरान  रेल अवरोधकारी भाजपा कार्यकर्ता संतु घोष की हत्या का विरोध करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है। 
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसा का दौर जारी है। शुक्रवार रात चकदह में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात चकदह के गौरपाड़ा तपोवन स्कूल के पास संतु घोष(22) नामक भाजपा कार्यकर्ता अपने साथियों के साथ बैठकर बातें कर रहे थे। उसी समय कुछ गुंडों ने उसे लक्ष्यकर गोली चला दी। गोली सीधे संतु के गले में लगी और घटनास्थल पर ही संतु ने दम तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि हाल ही में संतु ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का झंडा थामा था। चुनाव के दौरान भी उसने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काफी मेहनत की थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भाजपा का होकर प्रचार करने के कारण ही उसकी हत्या की गई है। शनिवार सुबह  रेल अवरोध के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.