जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के पक्ष में 95 प्रतिशत लोग

बेगूसराय । देश में बेहिसाब बढ़ती जनसंख्या को लेकर विचारक और राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा की ओर से संसद में आवाज उठाए जाने के बाद अब सोशल मीडिया के जरिए वोटिंग कराई जा रही है, जिसमें 95 प्रतिशत लोग जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के पक्ष में हैं। चार प्रतिशत लोग कानून नहीं बनाने के पक्ष में हैं। जबकि एक प्रतिशत लोग इस मसले पर कुछ सोच नहीं पा रहे हैं।
प्रो सिन्हा की ओर से 13 जुलाई से ट्विटर के माध्यम से जनमत शुरू किया गया था। इस जनमत में मंगलवार तक 87 हजार 124 लोगों ने भाग लिया है। अत्यधिक संख्या में जनसंख्या नियंत्रण कानून के पक्ष में लोगों के मत आने के बाद प्रो. सिन्हा ने अब कानून कैसा हो, इसपर सुझाव देने को कहा है। पोल के साथ पांच हजार से अधिक लोगों ने ट्वीट कर अपनी मंशा जाहिर की है। 
प्रो. सिन्हा ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बने या नहीं इस प्रश्न पर ट्विटर पर जो पोल हुआ, उसमें 87 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया और 95 प्रतिशत भागीदारों ने कानून बनाने का समर्थन किया है। पूरे देश में जनमत तैयार किया जाएगा। सभी लोग सहयोग करें तथा कानून कैसा हो इस पर सुझाव आमंत्रित है। उन्होंने बताया कि जनसंख्या विस्फोटक स्थिति में पहुंच रही है। कुछ वर्षों बाद हम विश्व के सबसे अधिक आबादी वाले देश बन जाएंगे, इसलिए कानून की अनिवार्यता है। इसे साम्प्रदायिक और दलीय चश्में से देखना अपने आपको धोखा देने जैसा होगा। 
बता दें कि बेगूसराय निवासी और राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा से पहले केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी लगातार जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग करते रहे हैं तथा बराबर ही लोगों को इसके लिए आगे आने की अपील करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.