दाऊद इब्राहिम का भतीजा रिजवान कासकर गिरफ्तार

मुंबई । कुख्यात बदमाश दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान कासकर व उसके साथी उस्मान शेख को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर इस्टेट एजेंट सलीम शेख से तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप है।  इस मामले की सघन जांच जारी है।मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णप्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपितों ने सलीम को तीन लाख रुपये के लिए फोन किया था। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर अज्ञात जगह ले गए थे। सलीम शेख ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। इसी मामले में दोनों को बीती रात मुंबई से क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि मुंबई में 1993 में हुए बम विस्फोट के बाद दाऊद सपरिवार देश से फरार हो गया। दाऊद के भाई इकबाल कासकर को 2003 में दुबई से प्रत्यर्पित किया गया था। पिछले वर्ष इकबाल कासकर को क्राइम ब्रांच ने रंगदारी के आरोप के तहत गिरफ्तार किया था। अभी तक उसे जमानत नहीं मिली है। बीती रात रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार रिजवान कासकर दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का लडक़ा है। रिजवान कासकर की सघन जांच जारी है। उससे दाऊद के संबंध में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास पुलिस कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.