दिल्ली की तरह अब हम पंजाब के सरकारी स्कूलों को शानदार बनाकर 24 लाख बच्चों का भविष्य बनाएंगे सुनहरा- अरविंद केजरीवाल

चंडीगढ़/नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों को लेकर आज एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हमने दिल्ली के सरकारी स्कूल शानदार कर दिए हैं, अब पंजाब के स्कूलों को भी ठीक करेंगे और 24 लाख बच्चों का भविष्य सुनहरा बनाएंगे। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में सरकारी स्कूलों की बुरी हालत है। सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले 24 लाख गरीब और एससी भाईचारे के बच्चों का भविष्य अंधकारमय है।  पंजाब के अध्यापक बहुत अच्छे हैं, लेकिन वो भी बहुत परेशान हैं। सरकारी स्कूलों को शानदार बनाने के लिए हमें सिर्फ पंजाब के लोगों का साथ चाहिए।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों में बदहाल शिक्षा व्यवस्था को दिल्ली की तरह दुरुस्त करने को लेकर आज एक वीडियो संदेश जारी किया। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जारी वीडियो संदेश में कहा कि पंजाब में शिक्षा का बहुत बुरा हाल है। पंजाब के सरकारी स्कूलों का बहुत ही बुरा हाल है। सरकारी स्कूलों के अंदर बिल्कुल भी पढ़ाई नहीं होती है, जबकि पंजाब के अध्यापक बहुत ही अच्छे हैं, लेकिन अध्यापक बिचारे बहुत ही दुखी हैं। पंजाब के सरकारी स्कूलों में गरीबों के, दलितों, एससी भाईचारे के 24 लाख से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। जरा सोचिए, बदहाल सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले इन 24 लाख बच्चों का क्या भविष्य है? पहले पंजाब के सरकारी स्कूलों की तरह दिल्ली के सरकारी स्कूल भी बहुत खराब हुआ करते थे। हम लोगों ने बहुत ही मेहनत करके दिल्ली के बदहाल स्कूलों को बढिय़ा बनाया है। दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने अच्छे हो गए हैं कि इस साल दिल्ली के 2.50 लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर हमारे सरकारी स्कूलों में दाखिला लिए हैं। तो क्या पंजाब के स्कूल भी दिल्ली की तरह बढिय़ा होने चाहिए या नहीं होने चाहिए?

Leave a Reply

Your email address will not be published.