नक्सलियों के आइईडी विस्फोट में 11 जवान घायल

रांची। झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर आइईड विस्फोट कर हमला किया। घटना मंगलवार सुबह की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महाराज प्रमाणिक का दस्ता इलाके में सक्रिय है। आशंका जताई जा रही है कि उसी ने घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में 11 जवान घायल हुए हैं। सभी घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल भेज गया है। नक्सलियों से अब भी मुठभेड़ जारी है। जिस इलाके में माओवादियों ने धमाके कर पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश की, वहां पर चुनाव समाप्ति के ठीक दूसरे दिन भी सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने हमला किया था। भाकपा माओवादियों का सुप्रीमो नंबला केशवराव उर्फ बसवाराज झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए सरायकेला-खरसांवा के इलाके में बैठक कर चुका है। बसवाराज ने इसकी जिम्मेदारी 25 लाख के ईनामी पतिराम मांझी उर्फ अनल को दी है। मिलिट्री कमीशन में अनल को प्रमोशन दिया गया है। अनल वर्तमान में 15 लाख के ईनामी महाराज प्रमाणिक व दस लाख के ईनामी अमित मुंडा के साथ इलाके में कैंप कर रहा है।इन्हीं नक्सलियों के द्वारा इस इलाके में पुलिस पर लगातार हमला किया जा रहा है। आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता आशिष बत्रा ने बताया कि नक्सलियों के हमले में 11 जवान घायल हुए है। मुठभेड़ जारी है। घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची लाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.