पांच ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी को कठिन लक्ष्य बताने वाले पेशेवर निराशावादीः नरेन्द्र मोदी

वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचे। उन्होंने लोगों से कहा,  हमने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य तय किया है। हमारे सामूहिक प्रयास पांच वर्ष में इस पड़ाव तक जरूर पहुंचाएंगे। कुछ लोग कहते हैं कि इसकी क्या जरूरत है। ये सब क्यों किया जा रहा है। ये वो वर्ग है, जिन्हें हम ‘पेशेवर निराशावादी’ भी कह सकते हैं। दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद स्थानीय सांसद नरेन्द्र मोदी पहली बार बनारस पहुंचे हैं।उन्होंने कहा, आप किसी सामान्य व्यक्ति के पास समस्या लेकर जाएंगे तो वो आपको समाधान देगा, लेकिन पेशेवर निराशावादियों के पास आप समाधान लेकर जाएंगे तो वो उसे समस्या में बदल देंगे। देश को ऐसे नकारात्मक लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बड़े केक का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उतनी ही ज्यादा होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच ट्रिलियन डॉलर के सफर को आसान बनाने के लिए स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और सुंदर भारत बनाने पर फोकस किया जा रहा है। बीते वर्षों में स्वच्छता के लिए देश के हर नागरिक ने जो योगदान दिया है, उससे स्वस्थ भारत बनाने की हमारी कोशिश को बल मिला है। सदस्यता अभियान पर प्रधानमंत्री ने कहा,  आज (शनिवार)  से सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। दल के साथ देश के दूत बनकर हमें काम करना है। सदस्यता अभियान राष्ट्र की प्रगति के लिए विश्वास, दोस्ती और बंधुत्व का मजबूत सूत्र है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर लोगों की पीठ थपथपाते हुए कहा, जीत के पीछे कार्यकर्ताओं का खून-पसीना है। एक कार्यकर्ता के तौर पर भाजपा का सदस्य होने के नाते अपने आपको हमें कभी कम नहीं आंकना चाहिए। भाजपा का कार्यकर्ता कमाल कर सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.