पाकिस्तान ने किया दो भारतीयों को गिरफ्तार करने का दावा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पुलिस ने पंजाब प्रांत के बहावलपुर में दो भारतीयों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। ये लोग कथित रूप से अवैध तरीके से पड़ोसी देश में घुसे थे। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।

समाचार चैनल जियो न्यूज के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि दोनों लोगों के पास आवश्यक कागजात नहीं थे। इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि इनमें से एक मध्यप्रदेश के रहने वाले प्रशांत और दूसरे तेलंगाना के निवासी दुरमीलाल हैं। इनमें से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पाकिस्तानी पुलिस ने आरोप लगाया है कि इन्हें आतंकी हमला करने को भेजा गया था।

विदित हो कि इससे पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस ने डेरा गाजी खान इलाके में एक भारतीय जासूस को गिरफ्तार करने का दावा किया था। पुलिस का कहना है कि उसने राजू लक्ष्मण नामक भारतीय को बलूचिस्तान के पास से गिरफ्तार किया था। पाकिस्तान का दावा है कि उसने कुलभूषण जाधव को भी इसी जगह से गिरफ्तार किया था।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.