पाकिस्तान में दस वर्षीय लड़की का अपहरण, जबरन कराई शादी
इस्लामाबाद । पाकिस्तान में एक अन्य दस वर्षीय लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। इस लड़की का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया और फिर उसकी जबरन शादी करा दी गई। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगायी है। यह मामला सिंध के इस्लामकोट का है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पाकिस्तानी हिन्दुओं ने ऑल पाकिस्तान हिन्दू पंचायत का गठन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये इस लड़की के अपहरण की सूचना दी। उन्होंने इस घटना से संबंधित सारी जानकारी उर्दू में सोशल मीडिया पर दे दी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो महीने में सिंध में यह चौथा मामला सामने आया है। इससे पहले भी एक हिन्दू लड़की के अपहरण का मामला सामने आया था। अपहृत लड़की का नाम रेनो था। कॉलेज जाते समय कुछ लोगों ने रेनो का अपहरण कर लिया था। रेनो आईबीएए इंस्टीट्यूशन ऑफ सखार की बीबीए की छात्रा थी। वह 29 अगस्त को घर से कॉलेज के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। इससे पहले भी लाहौर के ननकाना साहिब इलाके में कुछ लोगों ने सिख़ लड़की का बंदूक के बल पर अपहरण करके शादी करा दी थी।