बंगाल की संस्कृति के बारे में नहीं जानते अमर्त्य सेन : दिलीप घोष
कोलकाता । जय श्री राम को लेकर प्रख्यात अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन के विवादास्पद बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार कहा कि अमर्त्य सेन बंगाल और देश की संस्कृति के बारे में कुछ भी नहीं जानते हैं और ना ही भारत की संस्कृति से उनका कोई लेना देना है। वह अपनी नक्सली सोच के लिए विख्यात हैं। उन्होंने ने कहा कि पश्चिम बंगाल के ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने में जय श्री राम का नारा लगता है। बंगाल में तो अब यह नारा सिर चढ़कर बोल रहा है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जादवपुर विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात अर्थशास्त्री व नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन ने कहा था कि आज कल जय श्री राम का इस्तेमाल लोगों पर प्रहार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जय श्री राम शब्द का अस्तित्व कभी नहीं था, ना ही इसका बंगाल की संस्कृति से कोई लेना देना है। सेन ने कहा पश्चिम बंगाल में मां दुर्गा की पूजा होती है और मां दुर्गा का ही नारा लगता है। यहां पहले कभी मैंने जय श्रीराम नहीं सुना। इसका संबंध बंगाल की संस्कृति से कतई नहीं है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाले रामनवमी त्योहार पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले कभी रामनवमी नहीं मनाई जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि मां दुर्गा की पूजा के साथ भगवान राम के पूजा का कोई महत्व नहीं है।
इधर अमर्त्य सेन के इस बयान के बाद सोशल साइट पर यूजर्स ने उनकी जमकर आलोचना की है।सोशल यूजर्स ने अमर्त्य सेन को अर्बन नक्सल कह कर संबोधित किया है।