भूमि विवाद : तीन को लगी गोली, दो गंभीर

फर्रुखाबाद। कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भूमि विवाद को लेकर चचेरे भाइयों में जमकर गोलीबारी हुई। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बनपोई में ऋषिपाल सिंह और उनके चचेरे भाई हरिनाथ सिंह के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। शुक्रवार की देर रात भी दोनों में पहले गाली-गलौज हुई। उसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। आरोप है कि हरिनाथ सिंह ने गोली मारकर चचेरे भाई ऋषिपाल, गांव के श्यामू और रोहित को घायल कर दिया। गांववालों ने तीनों घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। ऋषिपाल और श्यामू की हालत गंभीर बताई गई है। गोलीबारी की सूचना मिलने पर शनिवार की सुबह कोतवाल जेपी शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी हरिनाथ फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.