महिला विरोधी है भाजपा :कुलदीप सिंह राठौर
शिमला । प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम की जनसभा में उन्हीं की पार्टी की नेत्री के साथ बदसलूकी चिंता का विषय है। इस घटना से साफ है कि भाजपा महिलाओं का कितना सम्मान करती है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की आलोचना करते हुए शनिवार को कहा कि महिलाओं के प्रति उनका दोहरा चरित्र सामने आ गया हैं। खुद मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह घटना क्रम ओर फिर उन की चुप्पी से साफ है कि महिलाओं के प्रति उनका कितना आदर है।
राठौर ने कहा कि जयराम सरकार में महिला उत्पीड़न का यह कोई पहला मामला नहीं है ऐसे कई अन्य मामले पहले हो चुके है।
राठौर ने कहा है कि मुख्यमंत्री में अगर रती भर भी नैतिकता होती तो वह अपने चहेते नेता बलदेव भंडारी की डांट फटकार करते और महिला का सम्मान करते हुए इस पर तुरंत कार्यवाही करते। अब जब पुलिस में यह मामला दर्ज हुआ है। इस को भी दबाने ओर रफा दफा करने की मुख्यमंत्री की कोशिश निदनीय है।
कुलदीप राठौर ने कहा है कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार और उत्पीड़न के मामले चिन्ता के विषय है। कानून व्यवस्था का दिन प्रतिदिन जनाजा निकल रहा है पर जयराम सरकार के कान में जू तक नहीं रेंग रही।