राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए मनमोहन सिंह

जयपुर । राजस्थान से राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मनमोहन सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉ. सिंह को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध चुने जाने पर बधाई दी है।निर्वाचन अधिकारी एवं विधानसभा सचिव प्रमिल कुमार माथुर ने सोमवार दोपहर तीन बजे के बाद डॉ. सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। माथुर ने इस अवसर डॉ. सिंह का निर्वाचन प्रमाण पत्र उनके द्वारा अधिकृत सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी को सौंपा। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की एक सीट के लिए डॉ. सिंह की ओर से चार नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनकी जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए थे। इस चुनाव में एक ही उम्मीदवार मैदान में होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गयी है। इस अवसर पर पर्यवेक्षक एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार, सरकारी उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी, विधायक रफीक खान, सहायक रिटर्निंग आफिसर महेश कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का चुना जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उनके ज्ञान और समृद्ध अनुभव से राजस्थान की जनता को बहुत लाभ होगा।
राजस्थान से राज्यसभा की एक सीट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी के 24 जून को निधन के कारण रिक्त हुई थी। इस सीट का शेष कार्यकाल तीन अप्रैल 2024 तक है। उल्लेखनीय है कि डॉ. सिंह का राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना लगभग तय था। राज्य विधानसभा का संख्या बल कांग्रेस के पक्ष में है। विपक्षी भाजपा ने इस उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का निर्णय किया था। विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 100 विधायक हैं और उसे राष्ट्रीय लोकदल के एक, बसपा के छह, भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो विधायकों तथा 12 निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त था। भाजपा के 72 विधायक हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.