राहुल गांधी ने सेना सहित देश को किया अपमानित : शिवराज

नई दिल्ली । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘विश्व योग दिवस’ के मौके पर ट्वीट कर देश की सेना सहित पूरे देश को अपमानित किया है।

शनिवार को शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी को भारतीय परंपरा पर गर्व नहीं है, सदियों पुरानी संस्कृति को वो नहीं मानते हैं, लेकिन देश मानता है। ऐसे में राहुल गांधी को इन परंपराओं का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राहुल द्वारा संस्कृति, परंपराओं का मजाक उड़ाया जाना दुखद है। देश की परंपराओं, संस्कृति में करोड़ों भारतीयों की आस्था है।

उल्लेखनीय है कि विश्व योग दिवस के मौके पर राहुल गांधी ने एक तस्वीर ट्वीट की थी। इस तस्वीर में सेना के जवानों के साथ- साथ सेना के डॉग भी योग कर रहे थे। राहुल ने इन तस्वीरों को ट्वीट करते हुए कैप्शन में लिखा कि ‘ ये है न्यू इंडिया।’ इस ट्वीट के बाद राहुल गांधी का भाजपा ने जमकर विरोध किया और राहुल पर देश को अपमानित करने का आरोप लगाया। बुधवार को गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का ये ट्वीट नकारात्मकता दर्शाता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राहुल की ट्वीट पर कड़ी अपत्ति जाहिर करते हुए कहा था कि जब कोई बार-बार सेना का अपमान करता है तो यही प्रार्थना की जा सकती है कि हे भगवान उनको सद्बुद्धि दे!

Leave a Reply

Your email address will not be published.