शादी की रस्मों के बीच दूल्हा-दुल्हनों ने किया बढ़-चढ़कर मतदान

रायपुर । लोकतंत्र के महापर्व में दूल्हा-दुल्हनों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाताओं के उत्साह को दोगुना करने सभी ने अपना राष्ट्रधर्म निभाया। 
मतदान के इस कड़ी में कांकेर लोकसभा के डोंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भेड़ी मतदान केंद्र में हल्दी लगाकर दुल्हन मतदान करने पहुंची। भेड़ी मतदान केंद्र क्रमांक 81 में दुल्हन रीना सिन्हा ने मतदान किया। 
दुल्हन रीना सिन्हा ने मतदान के बाद कहा कि देश के भविष्य के लिए मतदान बहुत जरुरी है। राष्ट्र के हित के लिए देश का सही प्रधानमंत्री चुनना आवश्यक है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोक सभा निर्वाचन में अपना योगदान दे। महासमुंद के खल्लारी विधानसभा के 205 मतदान केन्द्र में दूल्हा वेदप्रकाश साहू ने मतदान किया। 
राजनांदगांव जिले के ग्राम खडखड़ी में बारात रवाना होने से पहले दूल्हा मनराखन निर्मलकर ने मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वहीं महासमुंद जिले में दुल्हन रूचि वर्मा ने मतदान किया। रुचि ने बताया कि, लोगों को मतदान अवश्य करनी चाहिए, चाहे जितनी भी जरूरी काम क्यों न हो, बता दें कि दुल्हन रुचि की आज शादी है वे अपनी सारी रश्मों को अधूरा छोड़ मतदान करने पहुंची थी।
इधर कवर्धा जिले के नंदई मतदान केन्द्र क्रमांक 57 में दूल्हा राहुल ने घर लौटने से पहले मतदान किया। सुबह 7 बजे वोट करने मतदान केन्द्र पहुंचा और लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। वोट देने के बाद राहुल ने हाथ में लगे स्याही के निशान को दिखाते हुए वोटरों मतदान करने की अपील की।
राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के चौकी ब्लांक के सांगली गांव में एक दुल्हन ने ससुराल जाने से पहले मतदान केन्द्र पहुंचकर वोट डाला। लोकतंत्र के इस पर्व में बाजे गाजे के साथ दुल्हन व उसके परिवार वाले मतदान करने पहुंचे। दुल्हन ने चर्चा में बताया कि सात फेरे लेते समय मतदान करने का संकल्प लिया। शादी के बाद विदाई होने के बाद दुल्हन पूरी बाराती के साथ पूरी रात गांव में ही बिताया और फिर सुबह मतदान करने पहुंचे। धमतरी जिले के सिहावा मतदान केंद्र नंबर 181 में शादी के मंडप से आकर दूल्हा शांतनु यादव ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं डोंगरगांव की एक दुल्हन ने मतदान के पश्चात सेल्फी लेकर मतदाताओं से वोट करने की अपील की। महासमुंद के मतदान केंद्र क्रमांक 193 में शादी की रस्म छोड़कर रवि साहू मतदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश के प्रति अपना धर्म निभाने पहुंचे हैं, जितना ज्यादा जरूरी शादी की रस्में हैं, उससे भी जरूरी मतदान करना है। धमतरी के डही सेक्टर के ग्राम सेंचुआ में एक दूल्हा मतदान करने पहुंचा। कांकेर में देवीलाल नाम का युवा शादी के बाद मतदान करने पहुंच गया। महासमुंद में दूल्हा प्रदीप सिंह ठाकुर ने मतदान किया।
उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 15 अप्रैल सोमवार को एक शादी ऐसी हुई जिसमें शादी के मंडप से लेकर घर की सजावट और महिलाओं के हाथों की मेहंदी तक लोगों से 100 प्रतिशत मतदान करने की अपील कर रही थी। दूल्हा-दुल्हन ने फेरे तो सात लिए, लेकिन वचन आठ लिए। आठवां वचन जीवन में सभी चुनावों में अपनी सहभागिता दिखाकर मतदान करने का प्रण लिया। यह शादी अब प्रदेश में काफी चर्चा का विषय है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान के तहत तीन लोकसभा सीट राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर में मतदान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.