सायबर क्राइम की रोकथाम में महाराष्ट्र नंबर वन: मुख्यमंत्री

मुंबई । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सायबर क्राइम की रोकथाम में राज्य पुलिस देश में नंबर वन है। राज्य में 40 सायबर लैब सिक्युरिटी की दृष्टि से शुरु किए गए हैं और 1000 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बांद्रा में सायबर क्राइम पुलिस उपायुक्त कार्यालय का भूमिपूजन कर रहे थे। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री दीपक केसरकर, सांसद पूनम महाजन, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, मुंबई पुलिस आयुक्त संजय वर्वे, पुलिस महासंचालक (पुलिस गृहनिर्माण) बिपीन बिहारी आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने डिजिटलाइजेशन व्यवहार स्वीकार कर लिया है। इस व्यवहार में सायबर क्राइम की संभावना बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अपराध की भौगोलिक सीमा तय नहीं है। किसी भी देश में बैठकर अपराधी किसी भी देश में अपराध कर सकता है, इसलिए इस तरह के अपराध की जांच की सीमा बृहद करने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस सायबर क्राइम की रोकथाम के लिए बेहतर काम कर रही है। राज्य के विभिन्न जिलों में चल रहे सायबर लैब से जहां सायबर क्राइम को हल करने में मदद मिल रही है, वहीं इन लैबों के सहयोग से अन्य तरह के अपराध की भी जांच सरल हुई है। सायबर स्पेस में होने वाले हमलों के लिए सायबर वैरियर बनाया जाना बेहद जरुरी है। इससे धार्मिक अपप्रचार, सामाजिक स्वास्थ्य बिगाडऩे वालों पर नकेल कसी जा सकेगी। सायबर हमलों को रोकने के लिए सक्षम फायरवाल बनाना भी आवश्यक है। इसी प्रकार सक्षम सायबर आर्मी तैयार करना बेहद जरूरी है और राज्य सरकार यह काम बेहतर तरीके से कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में होने वाले अपराध को समझकर पुलिस को काम करना बेहद जरुरी है। इससे नागरिकों को पुलिस का समय पर सहयोग मिल सकता है और उन्हें राहत मिल सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.