सीहोर: लकड़ी गोदाम में लगी भीषण, आसपास के मकान भी जले
सीहोर। सीहोर जिला मुख्यालय स्थित मंडी क्षेत्र में बीती देर रात लकड़ी गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़िया मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनी में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन गोदाम तो पूरी तरह जलकर खाक हो गया, आसपास के मकानों भी आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह जल गए। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम आगजनी में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटी है। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, सीहोर-श्यामपुर रोड पर मंडी क्षेत्र में स्थित लकड़ी के पीठे पर आसपास के लोगों ने शुक्रवार को रात करीब 11 बजे आग की लपटें उठती देखीं और पुलिस व फायर ब्रिगेड की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां करीब एक घंटे देरी से मौके पर पहुंची। तब तक आग ने भीषण रूप ले लिया और आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की करीब छह गाडिय़ां मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लकड़ी का गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं, आसपास के मकान भी बुरी तरह जल गए। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर कलेक्टर-एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जमा हो गई। भीषण आग की लपटें इतनी ऊपर तक उठ रही थीं कि लोग भयभीत हो गए और करीब एक घंटे तक शहर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आसपास के लोगों ने तो दशहत के कारण अपने घर खाली कर दिये थे। सीहोर के अलावा आसपास के क्षेत्र से दमकलें बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी में गोदाम के साथ आसपास के छह मकान बुरी तरह जल गए। आग लगने का कारण अज्ञात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।