हमीरपुर : बांधों से फिर छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी, उफान पर बेतवा और यमुना
हमीरपुर। माताटीला बांध से गुरुवार को फिर लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बेतवा और यमुना नदियां उफान पर हैं। नगर के पुराना बेतवा घाट सहित कई स्थानों पर बाढ़ का पानी घुसने से रिहायशी घरों के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। हजारों एकड़ फसलें भी डूब गई हैं। 12 गांव में आने-जाने वाले मार्ग भी डूब गए हैं।
कई गांवों के बच्चे बाढ़ के चलते स्कूल भी नहीं जा सके, वहीं ग्रामीणों को मजबूरी में नाव से आर-पार जाना पड़ रहा है। इस समय बेतवा नदी का जलस्तर 101.5 मीटर पार हो गया है, जबकि यमुना नदी भी 101.88 मीटर के ऊपर बह रही है।