भाजपा की हिन्दुत्व शैली पर पुरुषोत्तम अग्रवाल ने उठाये सवाल
रायपुर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की आज 55वीं पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित नेहरू व्ख्यान पर प्रसिद्ध आलोचक पुरुषोत्तम अग्रवाल ने नेहरू के बहाने भाजपा की हिन्दुत्व शैली की राजनीति पर सवाल उठाया और गांधी परिवार का बचाव भी किया। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में हिन्दुत्व के मामले पर नेहरू-गांधी परिवार का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि नेहरू ने कभी नहीं कहा कि वो एक्सीडेंटल हिंदू हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता और पेशे से पत्रकार एमजे अकबर का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने बायोग्राफी में भी कहा है कि नेहरू ने ऐसा कभी नहीं कहा। नेहरू अपनी भारतीयता बैलगाड़ी में लाद कर नहीं चलते थे. वो उनके चिंतन और ज्ञान में झलकता है। नेहरू कंज्यूमर नहीं सिटीजन पैदा करना चाहते थे। नेहरू की सोच समग्र सोच थी। उस सोच के बिना भारत की कल्पना नहीं कि जा सकती। नेहरू जितनी वैज्ञानिक सोच वाले थे, उतनी ही उनकी सांस्कृतिक सोच भी थी।
पुरुषोत्तम अग्रवाल प्रोफेसर, संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य, आलोचक तथा हिन्दी भाषा के कवि, चिन्तक, लेखक और कथाकार भी हैं। उन्होंने साध्वी प्रज्ञा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि साध्वी प्रज्ञा की उम्मीदवारी पर भोपालवासियों ने सवाल नहीं उठाया। इससे मुझे आश्चर्य होता है। 1948 में एटॉमिक एनर्जी कमीशन की स्थापना की गई थी, तब दुनिया के देश हंस रही थी कि देश में औसत आयु 31 साल है वहां एटॉमिक एनर्जी बनाया जा रहा है.
पुरुषोत्तम अग्रवाल ने आज के संदर्भ में नेहरू की पॉलिसी पर सवाल उठाने वालों पर सवाल करते हुए कहा कि उस वक्त भी नेहरू की आलोचना होती थी। आज भी कुछ लोग नेहरू को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने निर्माणकर्ताओं के प्रति कृतज्ञ नहीं होता है, उस समाज को मानवीय नहीं माना जा सकता।
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की आज 55वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदेश पार्टी कार्यालय राजीव भवन में नेहरू को श्रद्धांजलि दी। पुण्यतिथि के इस मौके पर कांग्रेस भवन में कांग्रेस पार्टी की तरफ से व्याख्यानमाला का आयोजन रखा गया था, जिसमें प्रसिद्ध आलोचक पुरुषोत्तम अग्रवाल ने व्याख्यान दिया।