डामोर के इस्तीफे से कांग्रेस को राहत

भोपाल। झाबुआ-रतलाम लोकसभा सीट से निर्वाचित भाजपा सांसद गुमान सिंह डामोर ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ गुरुवार को बीजेपी के विधायकों की संख्या 108 रह गई है, जबकि मुख्यमंत्री कमलनाथ के छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की सदस्य संख्या 114 हो गई है। झाबुआ सीट पर अब विधानसभा के उप चुनाव छह महीने के भीतर होंगे।
गुमान सिंह डामोर के विधायक पद छोडऩे का फैसला कांग्रेस के लिए राहत भरा है। डामोर को संसद भेजने के बाद भाजपा का एक विधायक प्रदेश में कम हो गया। मप्र में भाजपा के पास सत्तापक्ष से 7 विधायक कम हैं। अब डामौर के विधायक पद छोडऩे पर भाजपा के 108 विधायक बचेंगे, जबकि कांग्रेस के पास 113 विधायक हैं। इसके अलावा सरकार को निर्दलीय, सपा, बसपा समेत 120 विधायकों का समर्थन है। सत्र में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ भी विधायक हो जाएंगे। 230 सदस्यों वाली मप्र विधानसभा में डामोर के इस्तीफे के बाद 229 सदस्य बचेंगे। इसमें स्पष्ट बहुमत के लिए 115 सदस्य कांग्रेस सरकार के पास हैं। कांग्रेस के लिए यह राहत तब तक बनी रहेगी, जब तक उप चुनाव नहीं हो जाता। ऐसी हालत में कांग्रेस सरकार को बाहर से किसी के समर्थन की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह 115 विधायकों के साथ बहुमत में होगी। निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल के कैबिनेट में होने के कारण कांग्रेस के पास विधायकों की पर्याप्त संख्या है। संसदीय विशेषज्ञों की मानें तो यदि इस उप चुनाव में कांग्रेस जीत गई तो वह 116 विधायकों के साथ स्पष्ट बहुमत में आ जाएगी। डामोर के इस्तीफे के ऐलान के बाद से ही कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.