भगवान की तरह ममता को प्रशांत किशोर का भरोसा : अधीर चौधरी
कोलकाता ।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर को अनुबंधित किया है। इसे लेकर राजनीतिक हलके में लगातार उनकी आलोचना हो रही है।
उनके तीखे आलोचक रहे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुर्शिदाबाद के बरहमपुर से सांसद अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को कहा है कि ममता बनर्जी को भगवान की तरह प्रशांत का सहारा मिला है। उन्होंने अपने फेसबुक पर लिखा, “हिंदू अगर मुश्किल में पड़ते हैं तो भगवान का भरोसा करते हैं। मुस्लिम अगर मुश्किल में पड़ते हैं तो इलाही का, क्रिश्चियन अगर मुश्किल में पढ़ते हैं तो ईसा मसीह का भरोसा करते हैं और कांग्रेस अगर मुश्किल में पड़ती है तो जनता का। लेकिन ममता बनर्जी की बदहाली ऐसी हो गई है कि अपनी मुश्किल को टालने के लिए प्रशांत किशोर पर भरोसा कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 34 सीटों से खिसक कर 22 पर आ गई है जबकि भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में 18 सीटें जीती है। कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं। वाम मोर्चा का खाता भी नहीं खुला है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी को शानदार बढ़त मिली है जिसके बाद ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की सरकार बनेगी या नहीं इस पर संशय बना हुआ है। इस बीच गत गुरुवार को मुख्यमंत्री ने प्रशांत किशोर के साथ 2 घंटे तक बैठक की है और उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिकार के तौर पर नियुक्त किया गया है। इसे लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने भी शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन कर कहा था कि ममता बनर्जी को अब अपनी प्रशासनिक क्षमता पर नहीं बल्कि एक बाहरी शख्स की रणनीति पर भरोसा करना पड़ रहा है। यह बताता है कि अब बंगाल में ममता को अपनी जमीन खोने का डर लग रहा है। इसी राह पर चलते हुए शनिवार को अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता बनर्जी पर हमला बोला है। गौर करने वाली बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ममता बनर्जी को महत्व देती रहती है लेकिन अधीर लगातार उन पर हमला करते रहे हैं। लोकसभा चुनाव से लेकर अभी तक ऐसा कोई भी मौका चौधरी नहीं चूकते जब ममता बनर्जी को घेरा जा सके।