भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार
कोलकाता । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों कथित रूप से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थक बताए जाते हैं। इनकी पहचान आखर अली, जावेद अली मोल्ला, मोइनुद्दीन मोल्ला और मैजुदिन मोल्ला के तौर पर हुई है। आखर अली पंचायत सदस्य है। चारों को शुक्रवार देररात गिरफ्तार किया गया। पुलिस चारों से पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह हत्याकांड उत्तर 24 परगना के बसीरहाट संसदीय क्षेत्र अंतर्गत संदेश खाली इलाके में आठ जून की रात हुआ था। दरअसल एक मकान से भाजपा का झंडा उखाड़ने पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव के दौरान भाजपा के पांच कार्यकर्ताओं को गोली से भून दिया गया था। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया था कि उनके भी तीन कार्यकर्ताओं की मौत हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, वरिष्ठ नेता मुकुल राय, सांसद अर्जुन सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता 9 जून को मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के शव कोलकाता स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय लाने की कोशिश की। पुलिस ने ऐसा करने से रोक दिया। इसके बाद भाजपा ने कोलकाता में लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय घेर लिया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। शुक्रवार को राष्ट्रीय जनजाति आयोग के सदस्यों ने मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां है। हत्याकांड में शामिल शाहजहां और उसके गुर्गे पुलिस गिरफ्त से दूर हैं।