सड़क दुर्घटना में सेना के जवान की मौत, चार घायल
शोणितपुर। शोणितपुर जिले के जामगुड़ीहाट में तेज रफ्तार बोलेरो पीकअप वाहन की टक्कर से सेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात जामगुड़ीहाट में तेज रफ्तार बोलेरो पीकअप वाहन की टक्कर से सेना का जवान संजू बोरा(32) की मौत हो गई। घटना के समय मृतक जवान छुट्टी पर पर जामगुड़ीहाट स्थित गेरेलुवा चौक अपने गांव आया था। बीती रात जवान संजू बोरा अन्य लोगों के साथ पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग-15 के किनारे से चल रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही बोरा की मौत हो गई, जबकि अन्य चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तेजपुर मेडिकल कालेज अस्पताल(टीएमसीएच) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।