यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए बस हादसे से बहुत दुखी हूं : मोदी

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा, उत्तर प्रदेश के आगरा में हुए बस हादसे से बहुत दुखी हूं। हादसे में अपने प्रियजनों को खो देने वाले परिवारों के साथ मेरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा, आज सुबह आगरा के निकट हुई बस दुर्घटना में हताहत यात्रियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और आशा करता हूं कि स्थानीय प्रशासन तत्काल चिकित्सा और राहत प्रदान करने की व्यवस्था करे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यमुना एक्सप्रेस वे, आगरा में हुी सड़क दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के दुखद समाचार से मैं व्यथित हूं। दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मैंने बात की है। उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा एवं मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को दुर्घटनास्थल पर भेजा है।

राजनाथ ने कहा कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह भी घटनास्थल पर गए हैं। इस हृदय विदारक घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी भावनाएं एवं संवेदनाएं प्रेषित करता हूं तथा जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.