उप मुख्यमंत्री का कांवड़ यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम निरस्त
झांसी । अपरिहार्य कारणों के चलते उप मुख्यमंत्री का झांसी में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम फिलहाल निरस्त हो गया। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को पत्र भेजकर उनके निजी सचिव ने दी।
बुधवार की सुबह जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निजी सचिव प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि अपरिहार्य कारणों के चलते उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। इस पत्र की प्रतिलिपि उन्होंने अन्य दस अधिकारियों को भी प्रेषित करते हुए इसकी जानकारी दी है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व कार्यक्रम आयोजक व भाजपा के कानपुर-बुन्देलखण्ड के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव श्रृंगीऋषि ने पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी थी कि 7 अगस्त को जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर दूर स्थित मप्र के ओरछा धाम स्थित वेत्रवंती नदी से जल लेकर करीब 10 हजार शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा झांसी के अति प्राचीन शिव मंदिर सिद्धेश्वर आएगी।
इस यात्रा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती भी शामिल रहेंगे। इसके लिए जेल चौराहे के समीप पुलिस लाइन से लगे हुए मैदान को भी साफ कराते हुए उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया था। हालांकि सुबह यह पत्र आने के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक हजारों शिवभक्त ट्रकों द्वारा ओरछा धाम रामराजा सरकार की नगरी के लिए प्रस्थान कर चुके थे। इस संबंध में यह भी चर्चा का विषय रहा कि संभवतः पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन के कारण यह कार्यक्रम निरस्त हुआ है। हालांकि भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी ने इस चर्चा की पुष्टि भी की।