सांगली में ब्रह्मनाल नाव दुर्घटना की जांच की जाएगी: मुख्यमंत्री
मुंबई । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सांगली जिले में हुई नाव दुर्घटना की जांच कराई जाएगी। बाढ़ से मरने वाले के प्रत्येक परिवारों को 5 लाख मिलेंगे व जिनके घर गिर गए हैं, उन परिवारों को 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। सांगली में नाव दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बाढ़ से 16 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों से बाढ़ पर राजनीति न करने की भी अपील की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार को सांगली में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बाढ़ के पहले ही दिन से कर्नाटक सरकार के संपर्क में थे। दोनों सरकारें मिलकर बाढ़ पीड़ितों के लिए बेहतर काम कर रही हैं। कर्नाटक में आलमत्ती बांध से पानी छोड़े जाने के कारण यहां बाढ़ का पानी कम होने लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 4 अगस्त से औसत से कई गुना अधिक बारिश हुई है जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन खेतों में बाढ़ का कीचड़ जमा हो गया है, सरकार उन किसानों को प्रति हेक्टर 13 हजार रुपये और जिन खेतों की मिट्टी बह गई है, उन किसानों को प्रति हेक्टेयर 38 हजार रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य सरकार की ओर बाढ़ का पानी दो दिन तक रहने पर ही सरकारी मदद दिए जाने वाली शर्त को आज शिथिल किए जाने की भी घोषणा की है। सभी बाढ़ प्रभावितों को नगद राशि दिए जाने का आदेश भी मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अब बाढ़ पीड़ितों को 153 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। राज्य सरकार मदद राशि किसी भी कीमत पर कम नहीं पडऩे देगी। मुख्यमंत्री ने यहां जिलाधिकारी व संबंधित अधिकारियों से भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक गांव में एक डॉक्टर व 2 फार्मासिस्ट तैनात किया जाएगा । इसी प्रकार उस डॉक्टर के पास हर तरह की औषधि उपलब्ध करवाई जाएगी। हर गांव में बाढ़ के पानी की निकासी होने के बाद बिजली की व्यवस्था तत्काल करवाई जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित गांवों को दत्तक लेने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं से आगे-आने की भी अपील की है।