पंचकूला: जवाबदेही को सुदृढ़ करने और सेवा वितरण में सुधार के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण नागरिक-केंद्रित पहल के तहत, नगर निगम पंचकूला ने अपने सफाई कर्मचारियों की सेक्टर-वाइज और बीट-वाइज विवरण अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। यह सूची आमजन की आसान पहुँच के लिए www.mcpanchkula.in पर उपलब्ध है। जारी की गई जानकारी में प्रत्येक क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारियों के नाम और उनकी संपर्क जानकारी शामिल है। इसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे कर्मचारी भी सम्मिलित हैं।
यह महत्वपूर्ण कदम नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में उठाया गया है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक सेवाओं को नागरिकों के और अधिक निकट लाना तथा सफाई कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। इस पहल के तहत अब नागरिक सफाई सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी या डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से संबंधित समस्या होने पर अपने सेक्टर/बीट के संबंधित असिस्टेंट सैनिटेशन इंस्पेक्टर या सुपरवाइज़र से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
खास बात यह है की , यदि किसी शिकायत का समाधान फील्ड स्तर पर संतोषजनक ढंग से नहीं होता है, तो नागरिक त्वरित हस्तक्षेप और निस्तारण के लिए नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 9696494949 (फॉर कॉलिंग और व्हाट्सएप) और 9696120120 (फॉर कॉलिंग) पर भी संपर्क कर सकते हैं। यह सुव्यवस्थित एस्केलेशन तंत्र सुनिश्चित करता है कि कोई भी शिकायत अनदेखी न रहे और प्रत्येक मामले पर समयबद्ध कार्रवाई हो।
इस पहल से कार्यप्रणाली की तत्परता और फील्ड-स्तर पर निगरानी में उल्लेखनीय सुधार होने की अपेक्षा है, क्योंकि नागरिकों और सफाई अधिकारियों के बीच स्पष्ट संवाद से शिकायतों का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा। साथ ही, यह कदम लोगों को अपने क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त बनाते हुए निगम की सहभागी शासन के प्रति प्रतिबद्धता को भी और मजबूत करता है।
इस पहल पर बोलते हुए, आयुक्त श्री विनय कुमार ने जोर दिया कि स्वच्छता एक साझा जिम्मेदारी है और नागरिकों से समय पर प्राप्त फीडबैक निगम को अपनी कार्यकुशलता में सुधार करने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि निगम की वेबसाइट के माध्यम से फील्ड-स्तर के कर्मचारियों का विवरण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराकर तथा शिकायत निवारण तंत्र को सुदृढ़ बनाकर, निगम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर जवाबदेही, पारदर्शिता और प्रभावी सेवा वितरण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पंचकूला स्वच्छता मानकों को और बेहतर बनाने के लिए नवाचारी, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल उपाय अपनाने के प्रति प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे www.mcpanchkula.in पर जाकर उपलब्ध जानकारी का सकारात्मक एवं जिम्मेदाराना उपयोग करें तथा सभी के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पंचकूला सुनिश्चित करने में अपना सहयोग प्रदान करें।