कैथल: एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि समाधान शिविर, सोशल मीडिया ग्रीवांस पोर्टल, सीएम विंडों पर आने वाली शिकायतों का निपटान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध किया जाए। इन समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से कार्य करें और इन्हें अधिक समय के लिए लंबित न रखा जाए। आमजन की समस्याओं का समाधान करना हम सबका दायित्व है और इसे संबंधित विभागों के अधिकारी अच्छे से निभाएं।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर तथा अन्य विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। एडीसी ने पोर्टल पर आई शिकायत के अंतर्गत विभाग अनुसार फीडबैक ली, जिसमें जन स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर परिषद, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, पुलिस विभाग, जिला परिषद, समाज कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग आदि शामिल रहे। एडीसी ने कहा किये समाधान शिविर केवल औपचारिकताएं नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण का माध्यम है। किसी भी शिकायत को लंबित न रखें, प्रत्येक का जल्द से जल्द समाधान करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिन समस्याओं व शिकायतों का निपटान करते हैं तो उसकी अपडेट रिपोर्ट पोर्टल पर जरूर अपलोड करें।
इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, सीएमओ रेणू चावला, डीईओ सुभाष, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।