-गुरुग्राम एसीबी ने ट्रैप लगाकर पकड़ा, मौके से रिश्वत की राशि बरामद; भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज गुरुग्राम। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गुरुग्राम यूनिट ने जीएसटी नंबर जारी करने के बदले 7,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में जीएसटी इंस्पेक्टर श्रुति रानी को गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई। जीएसटी नंबर जारी करने के लिए मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जीएसटी इंस्पेक्टर श्रुति रानी ने जीएसटी नंबर जारी करने के एवज में 7,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम एसीबी की टीम ने नियमानुसार ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को कथित रूप से रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में अभियोग संख्या 45, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम थाना में की जा रही है।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ट्रैप कार्रवाई
एसीबी के मुताबिक, कार्रवाई यूनिट के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिश्वत मांगे तो हेल्पलाइन पर करें शिकायत
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।
भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए एसीबी ने ये हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1064
हेल्पलाइन: 1800-180-2022
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 94178-91064