मोदीनगर। प्रसिद्ध कीटनाशक कंपनी Allout के निर्देश पर मंगलवार शाम मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में नकली उत्पादों की बिक्री की सूचना पर पुलिस एवं कंपनी की लीगल टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने गली-मोहल्लों की छोटी-बड़ी दुकानों पर जाकर Allout उत्पादों की जांच की और सप्लाई करने वाले व्यक्तियों की जानकारी जुटाई।
छापेमारी के दौरान देवेन्द्र पुरी क्षेत्र में पुलिस ने पीछा कर एक दुकान पर नीले रंग के मालवाहक वाहन में लाए जा रहे लाखों रुपये मूल्य के कथित नकली सामान को ड्राइवर सहित रंगे हाथों पकड़ लिया। जब्त सामान में Allout, Harpic, TATA Salt नमक और Good Knight जैसे ब्रांड के उत्पाद शामिल हैं। सप्लाई करने वाला मुख्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन चालक और देवेन्द्र पुरी के एक दुकानदार को गिरफ्तार कर नकली सामान और वाहन को कब्जे में ले लिया है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
कंपनी के विक्रय प्रबंधक असीम गुप्ता और पुनीत सक्सेना ने व्यापारियों से अपील की है कि वे छोटे लाभ के लालच में न पड़ें और केवल अधिकृत डीलरों व विश्वसनीय व्यापारियों से ही माल खरीदें। उन्होंने कहा कि नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।