शिमला : अहसास ग्रुप ऑफ शिमला की ओर से आयोजित प्री-करवाचौथ सेलिब्रेशन-2026 उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। संस्था की संस्थापक रूपा शारदा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जहां आकर्षक खिताब प्रतियोगिताओं ने समां बांधा, वहीं गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान विजेताओं को विभिन्न खिताबों से नवाजा गया, जबकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को भी सराहा गया।
समारोह में साधना जयराम, उमा कौशल, सुधा भारद्वाज और सत्य कौंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद कृष्ण लीला की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और हुनर का परिचय दिया।
रंजना गोयल ने जीता मिसेज करवाचौथ का खिताब
खिताब प्रतियोगिता की पहली श्रेणी में रंजना गोयल ने मिसेज करवाचौथ का खिताब अपने नाम किया, जबकि रंजना शर्मा रनर-अप रहीं। मोनिका सूद को मिसेज गॉर्जियस, राधा सूद को ग्लैमर क्वीन, सोनिया को डैजलिंग दीवा, कल्पना शर्मा को क्वीन ऑफ चार्म और ईशा शर्मा को एलिगेंट लेडी के खिताब से सम्मानित किया गया।
दूसरी श्रेणी में पुष्पा पठानिया और शीतल गंगोत्रा को मिसेज करवाचौथ रनर-अप का खिताब मिला। पूनम अरोड़ा को मिसेज परफेक्ट, अंजलि सूद को मिसेज एथनिक, सविता को मिसेज ग्रेसफुल और शिखा जोशी को गॉर्जियस जेम के खिताब से नवाजा गया।
गायन प्रतियोगिता में अंजना ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आशा शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में शेली गुप्ता और रितु खन्ना ने अपनी भूमिका निभाई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर दिया सामाजिक सरोकार का संदेश
समारोह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना विशेष आकर्षण रहा। संस्था की इस पहल ने महिलाओं के सम्मान के साथ समाज के प्रति उनके योगदान को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीरा सूद, अंजलि शर्मा, कमलेश राणा, रंजना गोयल, रोजी, बिंदु सूद सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संस्था की संस्थापक रूपा शारदा ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। अहसास संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
समारोह का समापन प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। कार्यक्रम ने महिलाओं की प्रतिभा, आपसी एकजुटता और सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया।