मोहाली, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा पंजाब के वरिष्ठ नागरिकों की आस्था को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज मोहाली विधानसभा हलके से दो बसें रवाना हुईं। ये बसें विधायक कुलवंत सिंह की देखरेख में गांव रुड़का और सेक्टर-68, मोहाली से हलका कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गईं।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हलका कोऑर्डिनेटर, विधानसभा हलका मोहाली, फूलराज सिंह ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक संगत के रूप में श्री दरबार साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन करके वापस लौटेंगे।
उन्होंने बताया कि बसों को रवाना करने से पहले कुछ श्रद्धालुओं ने विधायक कुलवंत सिंह से बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की। इस पर उन्होंने तुरंत इन वरिष्ठ नागरिकों का विधायक कुलवंत सिंह से फोन पर संपर्क करवाया और उनकी विधायक कुलवंत सिंह के साथ बातचीत करवाई गई।
विधायक कुलवंत सिंह ने तीर्थ यात्रा पर जाने वाले इन श्रद्धालु वरिष्ठ नागरिकों की हमेशा चढ़दी कला में रहने की अरदास करते हुए कहा कि वे जिन-जिन मनोकामनाओं को मन में लेकर इस तीर्थ यात्रा पर रवाना हो रहे हैं, परमात्मा उनकी हर इच्छा पूरी करे।
स्टेट अवॉर्डी एवं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के हलका कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह पाया जा रहा है और पंजीकरण का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए जनहितैषी योजनाओं को लगातार अमलीजामा पहनाया जा रहा है।