चंडीगढ़ । मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति प्रदेश के विकास और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को सही दिशा देना भाजपा की प्राथमिकता है। भाजपा युवा मोर्चा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है मुख्यमंत्री सोमवार को पंचकूला स्थित पंचकमल प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री अक्षित दहिया के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री अक्षित दहिया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा हरियाणा के युवाओं के बीच संगठन की पहुंच को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा में कोई भी पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। पार्टी की कार्यसंस्कृति में पद का अर्थ अधिक सेवा, अधिक परिश्रम और अधिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यही विशेषता है कि यहां साधारण परिवार से आने वाला मेहनती कार्यकर्ता भी अपनी क्षमता, परिश्रम और समर्पण के बल पर संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है।
युवा केवल भविष्य नहीं, वर्तमान के निर्माता
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य की उम्मीद नहीं, बल्कि वर्तमान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को नई तकनीक, स्टार्टअप, कौशल विकास, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा खेल, शिक्षा, तकनीक, उद्योग, स्टार्टअप और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, खेल, शिक्षा और स्वरोजगार के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो। युवाओं की प्रतिभा को अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
भारत की युवा शक्ति भाजपा की ताकत
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर भारत की युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने के लिए कार्य कर रहे हैं। हमारा युवा रोजगार पाने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बने, इसके लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहल भारतीय युवाओं को अपनी प्रतिभा और उद्यमिता को आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत की युवा शक्ति भाजपा की ताकत बन गई है। राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ आगे बढ़ रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन संगठनों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवा सामाजिक सरोकारों, राष्ट्र निर्माण और सेवा कार्यों से जुड़ रहे हैं।
सेवा और संगठन भाजपा की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहता है। यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अपनी पहचान केवल राजनीतिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सरोकारों से बनानी चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री अक्षित दहिया से कहा कि वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए अधिक से अधिक नए युवाओं को संगठन से जोड़ें तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार युवाओं के सशक्तिकरण से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में पूरी मजबूती के साथ सहयोग करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में वह सामर्थ्य है, जो प्रदेश को विकास के नए शिखर पर ले जा सकता है। युवा शक्ति को संगठन की शक्ति और राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाकर ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल शर्मा, श्री वेद फुल्लां सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।