पंचकूला : हरियाणा उद्योग व्यापारी संघ के चेयरमैन श्री सतीश द्वारा आज वन स्टॉप सेंटर, सेक्टर-16, पंचकूला का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास , पंचकूला, डॉ. सविता नेहरा तथा वन स्टॉप सेंटर की केंद्र संचालिका श्रीमती शीनम सहित केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों द्वारा श्री सतीश को केंद्र द्वारा हिंसा एवं संकट से प्रभावित महिलाओं को प्रदान की जा रही 24×7 सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर आपातकालीन सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी सहायता एवं परामर्श, मनो-सामाजिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय जैसी आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध करवाई जाती हैं। आवश्यकता के अनुसार महिलाओं को संबंधित विभागों एवं अन्य संस्थाओं से भी समन्वय स्थापित कर सहायता प्रदान की जाती है।
श्री सतीश ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा पीड़ित एवं जरूरतमंद महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा केंद्र के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को कठिन परिस्थितियों में आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।