शिमला । नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नूरपुर पुलिस ने एक आरोपी की 3.32 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त करवाई है। सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला निवासी छन्नी, इंदौरा से जुड़ी 3,32,30,941 रुपये मूल्य की संपत्ति की जब्ती की 9 सितंबर को पुष्टि की। यह कार्रवाई डमटाल थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले से जुड़ी है। पुलिस ने 29 दिसंबर 2025 को आरोपी को 1 किलो 852 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की। इसमें अचल संपत्तियों के अलावा होटल-कम-रेस्तरां, दुकानें, वाहन और बैंक खातों में जमा रकम चिन्हित की गई। इन संपत्तियों को अस्थायी रूप से फ्रीज और प्रतिबंधित करने के बाद रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई। जांच में संपत्तियों का कुल मूल्य 3,32,32,352.94 रुपये आंका गया था।
17 मामलों में 29.96 करोड़ की जब्ती नूरपुर पुलिस के अनुसार नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ वित्तीय कार्रवाई में अब तक 17 मामलों में कुल 29,95,92,857 रुपये की संपत्ति जब्त करवाई जा चुकी है। कुछ अन्य मामलों में संपत्ति जब्ती की कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी, दिल्ली के समक्ष विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक अब कार्रवाई का जोर केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज और जब्त कराने पर भी कार्रवाई की जा रही है।