शिमला : शिमला में नए डीआरटी कैंप कार्यालय के उद्घाटन के बाद ऋण वसूली अधिकरण (डीआरटी) के पीठासीन अधिकारी एएस नारंग ने यूको बैंक अंचल कार्यालय शिमला का दौरा किया। इस दौरान यूको बैंक की ओर से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर यूको बैंक अंचल कार्यालय शिमला के अंचल प्रमुख एवं एसएलबीसी संयोजक कमल कुमार शर्मा, ऋण वसूली अधिकरण-1 चंडीगढ़ के रजिस्ट्रार रजनीश, यूको बैंक के पैनल अधिवक्ता संजय दलमिया सहित बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शिमला में नए डीआरटी कार्यालय के शुभारंभ के साथ डीआरटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा सरफेसी एक्ट से जुड़े मामलों, दस्तावेजों और ऋण वसूली प्रक्रिया से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
डीआरटी पीठासीन अधिकारी एएस नारंग ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से मामलों से संबंधित जवाब निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजे जाने चाहिए, ताकि मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को सुचारु बनाया जा सके।
यूको बैंक के अंचल प्रमुख कमल कुमार शर्मा ने शिमला में डीआरटी कैंप कार्यालय शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिमला में डीआरटी की सुविधा उपलब्ध होने से हिमाचल प्रदेश के लोगों को ऋण वसूली से जुड़े मामलों में सुविधा मिलेगी और उन्हें चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम के अंत में यूको बैंक अंचल कार्यालय शिमला की उप अंचल प्रमुख निशिश्वरी प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।