रिकांग पिओ : स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) रिकांग पिओ इकाई का 17वां इकाई सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा, छात्र अधिकारों और संगठन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
सम्मेलन का उद्घाटन एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व सचिव कॉमरेड अनिल ने किया। उन्होंने एसएफआई के छात्र आंदोलनों और संघर्षों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के निजीकरण, व्यावसायीकरण तथा बढ़ती फीस के खिलाफ संगठित आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ समान, वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे एसएफआई शिमला जिला अध्यक्ष विवेक नेहरा ने संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्र अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने रिकांग पिओ इकाई को कॉलेज परिसर में संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाने तथा अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान संगठनात्मक रिपोर्ट के साथ राजनीतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई। आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श के बाद 21 सदस्यीय नई इकाई कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें मानव प्रकाश को इकाई अध्यक्ष और प्रियांश को इकाई सचिव चुना गया।
नवनिर्वाचित कमेटी ने छात्र हितों, गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक शिक्षा और परिसर से जुड़ी समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने तथा संगठन को और मजबूत एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन छात्र एकता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।