शिमला : प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन जुन्गा में शनिवार को आयोजित ‘सखी सम्मेलन’ में महिलाओं की प्रतिभा और हुनर के साथ पुलिस और आम जनता के बीच आत्मीयता का रंग भी देखने को मिला। बटालियन की महिला कर्मचारियों और आसपास की पंचायतों से पहुंची करीब 100 महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बटालियन के कमांडेंट भूपेंद्र नेगी की पहल पर आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच संवाद, विश्वास और आपसी समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम में सीमा नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सम्मेलन में महिलाओं के लिए सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी, चित्रकला और क्रोशिया जैसी कला एवं कौशल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं स्वादिष्ट व्यंजन और स्थानीय पारंपरिक पकवान बनाने की प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने के लिए मटकी फोड़ और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कमांडेंट भूपेंद्र नेगी ने कहा कि सखी सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच केवल औपचारिक संपर्क तक सीमित न रहकर विश्वास और आत्मीय संवाद का माहौल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि बटालियन की महिला कर्मचारियों और स्थानीय महिलाओं को एक मंच पर लाने से आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला है।
कार्यक्रम में शामिल स्थानीय महिलाओं ने सम्मेलन को उत्साहवर्धक और नया अनुभव बताया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और इसे आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बढ़ाने वाली पहल करार दिया। महिलाओं ने इस आयोजन के लिए बटालियन प्रशासन और कमांडेंट भूपेंद्र नेगी का आभार जताया।