शिमला : हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), हिमाचल प्रदेश ने बैंक ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग लेन-देन की पहले से योजना बनाने की सलाह दी है।
SLBC के अनुसार हड़ताल के दौरान प्रदेशभर में बैंकों की शाखा-स्तरीय सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को शाखा में जाकर बैंकिंग से जुड़े जरूरी अथवा समयबद्ध कार्य निपटाने हैं, वे उन्हें हड़ताल की अवधि से पहले ही पूरा कर लें।
हालांकि, हड़ताल के दौरान डिजिटल और स्व-सेवा बैंकिंग माध्यमों से उपलब्ध सेवाओं का उपयोग किया जा सकेगा। ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) प्वाइंट, UPI सहित अन्य डिजिटल बैंकिंग चैनलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन सेवाओं की उपलब्धता संबंधित बैंक की व्यवस्था और संचालन पर निर्भर करेगी।
SLBC हिमाचल प्रदेश ने ग्राहकों से अपील की है कि वे 28 से 30 सितंबर के बीच संभावित व्यवधान को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी बैंकिंग कार्य और लेन-देन पहले ही निपटा लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।